नाहन : सिरमौर जिला के पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत आते गाँव टोकियों में आज (शनिवार) सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब नाहन की तरफ से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार वेरका ट्रक ने पैदल जा रहे ग्रामीण को ज़ोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोकियों निवासी शिकायतकर्ता संजय कुमार ने बताया कि सुबह के समय वह अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान उनके गाँव के ही निवासी ओम प्रकाश पुत्र चुड़ सिंह सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। तभी नाहन की ओर से आ रहे वेरका कंपनी के ट्रक (CH01TC-3463) के चालक ने वाहन को बेहद तेज़ रफ़्तार व लापरवाही से चलाते हुए ओम प्रकाश को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि ओम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार होने लगा। इस पर स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और मोटरसाइकिल से ट्रक का पीछा करना शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रक को जोहड़ों के पास घेरकर रोक लिया और चालक को वाहन समेत वापस दुर्घटना स्थल पर ले आए।
पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान शुभम निवासी वार्ड नंबर 7, मुंडी खरड़, जिला एस.ए.एस. नगर (मोहाली), पंजाब के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी चालक शुभम के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले में आगामी जांच जारी है ।