नाहन : सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने कटोली के समीप गश्त के दौरान दो युवकों को 1.69 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक सिरिंज भी बरामद हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल को राजगढ़ थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। जब पुलिस टीम कटोली के समीप पहुँची, तो वहाँ दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिए। पुलिस के वाहन को अपनी ओर आता देख दोनों युवक घबरा गए। उन्होंने तुरंत अपना मोबाइल फोन और एक सिरिंज सड़क किनारे पैराफिट पर फेंकी और भागने की कोशिश करने लगे। हालाँकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 20 मीटर की दूरी पर ही दोनों को धर दबोचा।

हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सचिन (26) निवासी गाँव कनेच (तहसील राजगढ़) तथा आदर्श चौहान (25) निवासी गाँव पनयाली (तहसील ददाहू, जिला सिरमौर) के रूप में हुई है। इसके बाद जब पुलिस टीम ने मौके की गहनता से तलाशी ली, तो आरोपियों के कब्जे से 1.69 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद चिट्टे, सिरिंज और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।