सिरमौर में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान शुरू, 30 नवंबर तक करें पंजीकरण

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान, 2026’ शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 10 खेलों की प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि इस अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी उपमंडलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक उपमंडल में 30 नवंबर, 2026 तक 800 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई, युवा क्लबों, महिला मंडलों, ग्राम पंचायतों और अन्य संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के तहत क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन आधिकारिक पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in के माध्यम से किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी संबंधित उपमंडल का निवासी होना चाहिए तथा पहचान एवं स्थाई पते के लिए आधार कार्ड होना अनिवार्य है।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के माध्यम से युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed