सिरमौर: सोलन जा रही बस से 102 ग्राम चरस बरामद, आटे की थैली में छिपाया था नशा

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एक और सफलता हासिल हुई है। पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत राजगढ़ में तैनात डिटेक्शन सेल ने एक निजी बस से 102 ग्राम चरस बरामद की है। हालांकि, चरस का मालिक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को राजगढ़ डिटेक्शन सेल की टीम मरियोग के पास मुख्य सड़क गिरीपुल-सोलन रोड पर मौजूद थी। टीम मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए वाहनों की औचक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गिरीपुल से सोलन की तरफ जा रही एक निजी बस ‘मीनू कोच’ (HP62A 1248) को निरीक्षण के लिए रोका गया।

बस की सघन तलाशी के दौरान पुलिस को लोहे के रैक पर एक आटे की प्लास्टिक की थैली लावारिस हालत में रखी मिली। पुलिस ने जब बस परिचालक और सवारियों से इस थैली के बारे में पूछताछ की, तो किसी ने भी उस पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। शक होने पर जब पुलिस ने थैली को खोलकर चेक किया, तो उसके भीतर से 102 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर थाना राजगढ़ में NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात आरोपी की पहचान करने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।