सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में तीन दिवसीय 15वीं अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हो गई है। इस बार इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय समकालीन दुनिया के मुद्दे और उनके समाधान (Issues in the Contemporary World and Their Solutions) रखा गया है।

इस आयोजन को हाइब्रिड मोड में रखा गया है, ताकि देश-विदेश और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षाविद्, शोधार्थी और प्रतिभागी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आसानी से जुड़ सकें। कॉन्फ्रेंस का मुख्य ऑफलाइन कार्यक्रम संस्थान के परिसर में ही आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन की शुरुआत डॉ. निशा शर्मा के स्वागत भाषण से हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जे. एल. कॉल ने शिरकत की। इसके अलावा, इस गरिमामयी कार्यक्रम में डॉ. लाभ सिंह, डीआईजी (जीएच) डॉ. वी. के. शर्मा, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. वी. के. शर्मा, कोऑर्डिनेटर डॉ. बी. एस. चौहान, डॉ. शालू सहगल, डॉ. परमजीत सिंह, एमडी डॉ. शची सिंह, डॉ. सुनील देष्टा, डॉ. अवनीत गुप्ता, डॉ. पी. पी. शर्मा, डॉ. कंचन बाला जसवाल और डॉ. श्वेता समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कॉन्फेंस की संयोजक और एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की प्रिंसिपल डॉ. निशा शर्मा ने बताया कि इन तीन दिनों में दुनिया के सामने आ रही गंभीर चुनौतियों, सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों, वैज्ञानिक तरक्की और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन तमाम समस्याओं के व्यावहारिक समाधान और नए शोध विचारों को आपस में साझा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।