सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के PGDCA विभाग के 11 छात्र-छात्राओं ने बुधवार को जेपी यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, आधुनिक तकनीक और कंप्यूटर शिक्षा से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान देना था।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी के पूरे परिसर का दौरा किया और वहाँ की आधुनिक सुविधाओं को नजदीक से देखा। इस दौरान विद्यार्थियों ने अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का विशेष रूप से दौरा किया, जहां उन्हें डिजिटल संसाधनों और पुस्तकों की विस्तृत जानकारी मिली।

एप्पल एआई लैब और फैक्ट्री ऑटोमेशन लैब में सीखी बारीकियां
छात्रों को यूनिवर्सिटी की ‘एप्पल एआई लैब‘ भी ले जाया गया, जहां कंप्यूटर साइंस विभाग के एचओडी प्रो. विवेक ने सभी का मार्गदर्शन किया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा कीं। इसके बाद फैक्ट्री ऑटोमेशन लैब में छात्रों ने विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के साथ काम करना सीखा। इस दौरान डॉ. कमलेश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को सभी कंपोनेंट्स और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण छात्रों को किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का बेहतरीन मौका देते हैं। कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर इस तरह के दौरे आयोजित किए जाते हैं।