सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में प्रहरी क्लब और 1 एच.पी. बटालियन NCC के संयुक्त तत्वावधान में, हिमाचल प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विशेष सहयोग से एक भव्य युवा संसद का आयोजन किया गया। नशामुक्त भारत के लिए युवा: जागरूकता, रोकथाम, जिम्मेदारी एवं पुनर्वास के ज्वलंत विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता व तार्किक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारीं सोलन की उपमंडल दंडाधिकारी श्रीमती नीरजा शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत नेगी का पुष्पगुच्छ, रोजेट और स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया।
युवा संसद की कार्यवाही के दौरान विद्यार्थियों ने नशा तस्करी की रोकथाम, आवश्यक कानूनी सुधारों, जन-जागरूकता और नशे के चंगुल में फंसे व्यक्तियों के पुनर्वास जैसे संवेदनशील विषयों पर पक्ष और विपक्ष में अत्यंत प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रशांत नेगी ने विद्यार्थियों को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम और उनके विधिक अधिकारों के प्रति विस्तार से जागरूक किया। वहीं, मुख्य अतिथि एसडीएम श्रीमती नीरजा शर्मा ने युवा सांसदों के तार्किक कौशल और प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए युवाओं से नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संवाद सत्र के पश्चात उपस्थित प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने एकजुट होकर नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में बी.एससी. प्रथम वर्ष के छात्र आयुष कम्बोज ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर सर्वश्रेष्ठ सांसद एवं वक्ता का प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं, बी.ए. द्वितीय वर्ष के कृष्णा बख्शी को सर्वश्रेष्ठ विपक्षी नेता एवं प्रतिवादकर्ता चुना गया, जबकि बी.एससी. प्रथम वर्ष के सागर चौहान को नशे की रोकथाम एवं पुनर्वास पर सर्वाधिक रचनात्मक नीतिगत तर्क प्रस्तुत करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन डॉ. बी.एन. कमल, डॉ. शिव भारद्वाज और डॉ. रीना चौहान के निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। युवाओं में सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार करने वाले इस सफल व ऊर्जावान आयोजन का समापन पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान के गायन से हुआ।