सोलन: हिमाचल प्रदेश के निर्माता एवं प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती सोलन में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई जाएगी। इस विशेष कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता डॉ. परमार के पौत्र आनंद परमार करेंगे। सिरमौर कल्याण मंच के प्रधान प्रदीप ममगाईं ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दिन भर विभिन्न सामाजिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जयंती समारोह के अंतर्गत प्रातः 9:00 बजे सोलन के चिल्ड्रन पार्क स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात मुरारी मार्केट सोलन में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 50 युवा स्वैच्छिक रक्तदान कर डॉ. परमार को अपनी श्रद्धांजलि समर्पित करेंगे। इसी स्थान पर प्रातः 11:00 बजे विचार एवं कवि गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें विद्वान व साहित्यकार डॉ. परमार के हिमाचल निर्माण में अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालेंगे।
प्रदीप ममगाईं ने बताया कि जयंती का मुख्य एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 5:00 बजे मुरारी मार्केट के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हिमाचली लोक संस्कृति की सतरंगी छटा देखने को मिलेगी। डॉ. जोगिंद्र हाब्बी के नेतृत्व में विश्व प्रसिद्ध चूड़ेश्वर सांस्कृतिक दल सिरमौर के कलाकार अपनी पारंपरिक व विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही शिलाई क्षेत्र के कफोटा से आए हाटी सांस्कृतिक कला मंच के कलाकार भी सिरमौरी और हाटी समुदाय की समृद्ध लोक संस्कृति व लोकनृत्यों की शानदार झलक पेश करेंगे। सिरमौर कल्याण मंच ने सोलन के सभी नागरिकों और युवाओं से इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।