नाहन : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना श्री रेणुका जी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चिट्टे (हेरोइन) की तस्करी कर रहे दो युवकों को रंगे हाथों धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से 3.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को रेणुका जी थाना पुलिस की विशेष टीम इलाके में कानून-व्यवस्था और नशा विरोधी अभियान के तहत गश्त पर तैनात थी। इस दौरान जब पुलिस टीम नवदुर्गा आईटीआई, बड़ौन के समीप पहुँची, तो वहाँ एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (नंबर HP 71A-6785) आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब बाइक को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, तो पुलिस को सामने देखकर दोनों सवार घबरा गए। वे तुरंत मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।

हिरासत में लिए गए युवकों की प्राथमिक पूछताछ में पहचान विभोर शर्मा (निवासी बड़ौन) तथा अजय तोमर (निवासी कोटी धीमान, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर) के रूप में हुई है। इसके बाद जब पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें से 3.15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना श्री रेणुका जी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे यह नशा कहाँ से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।