सोलन में सजेगा हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति का 21वां राज्य सम्मेलन, जुटेगें प्रदेशभर के 250 बुद्धिजीवी

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (HGVS) के 21वें राज्य सम्मेलन के आयोजन को लेकर मंगलवार को सोलन स्थित लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि आगामी 10 से 12 जुलाई, 2026 तक सोलन के ऐतिहासिक कला मंच, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग का सभागार में इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। सम्मेलन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं और प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले डेलीगेट्स का पंजीकरण लगातार जारी है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि इस भव्य तीन दिवसीय महामंथन में पूरे हिमाचल प्रदेश से लगभग 250 चुनिंदा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन के दौरान संगठन की आगामी रणनीतियों, समाज में वैज्ञानिक सोच व दृष्टिकोण को बढ़ावा देने, सामाजिक सरोकारों तथा सीधे जनहित से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत और गंभीर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का भव्य उद्घाटन 10 जुलाई को प्रदेश के स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल करेंगे। इसके अतिरिक्त, उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से जन विज्ञान आंदोलन से जुड़े नामी विशेषज्ञ और बुद्धिजीवी भी इस सम्मेलन में विशेष रूप से शामिल होकर अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे।

समिति के महासचिव सत्यवान पुंडीर ने सम्मेलन की रूपरेखा पर जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र में पिछले दो वर्षों के दौरान किए गए कार्यों व उपलब्धियों की गहन समीक्षा की जाएगी और साथ ही भविष्य की योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। सम्मेलन के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न तकनीकी सत्रों में देश और प्रदेश के नामचीन विशेषज्ञ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नागरिक शिक्षा, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन के खतरे, सामाजिक न्याय व लैंगिक समानता, नई शिक्षा नीति (NEP), विज्ञान संचार, स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे तथा ग्रामीण एवं शहरी विकास जैसे अनेक समसामयिक और महत्वपूर्ण विषयों पर अपना व्याख्यान रखेंगे। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि जमीनी स्तर के अपने अनुभवों को साझा करेंगे और संगठन के काम को और अधिक धारदार व प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे।

महासचिव ने आगे बताया कि सम्मेलन के दूसरे दिन, यानी 11 जुलाई की शाम को सोलन शहर में एक विशाल ‘वैज्ञानिक जनजागरूकता रैली’ का आयोजन भी किया जाएगा। यह रैली शहर के बोडो ग्राउंड से शुरू होकर प्रसिद्ध माल रोड होते हुए पुराने बस अड्डे तक निकाली जाएगी, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता में अंधविश्वासों को दूर कर वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करना होगा। इसके अलावा सम्मेलन के तीनों दिन विभिन्न तरह की प्रदर्शनियां, ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जनसंपर्क गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आयोजन समिति ने आश्वस्त किया है कि बाहर से आने वाले मेहमानों और प्रतिनिधियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवास (ठहरने), भोजन, सुचारू पंजीकरण और स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की तैनाती सहित तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। समिति के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश के सभी जिलों के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, छात्र-छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से इस सम्मेलन में बढ़-चढ़कर सक्रिय भागीदारी निभाने की पुरजोर अपील की है। पदाधिकारियों का दृढ़ विश्वास है कि यह सम्मेलन हिमाचल प्रदेश में वैज्ञानिक चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।