सोलन में सांसद सुरेश कश्यप ने कमजोर नेटवर्क सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट विस्तार के दिए निर्देश

Photo of author

By Hills Post

सोलन: बीएसएनएल (BSNL) सोलन वाणिज्य क्षेत्र की दूरसंचार सलाहकार समिति (टीएसी) की बैठक शुक्रवार को सांसद एवं समिति के अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बीएसएनएल सोलन के वरिष्ठ महाप्रबंधक जसपाल सिंह ने समिति के सह-सचिव के रूप में विशेष रूप से भाग लिया। इस दौरान जिले में दूरसंचार सेवाओं की मौजूदा स्थिति, नेटवर्क कनेक्टिविटी में सुधार और ग्रामीण व दूरदराज के इलाकों तक बेहतर इंटरनेट सुविधाएं पहुंचाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में भारतनेट परियोजना, ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) नेटवर्क और एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) सेवाओं के विस्तार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी को और मजबूत करने, नए क्षेत्रों तक नेटवर्क पहुंचाने और उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध करवाने पर खास जोर दिया गया। साथ ही दूरदराज के इलाकों में नए मोबाइल टावर स्थापित करने और एफटीटीएच सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

समीक्षा के दौरान नेटवर्क में आने वाली तकनीकी खामियों, मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता और कमजोर सिग्नल वाले क्षेत्रों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। सांसद सुरेश कश्यप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की नेटवर्क संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर दूरसंचार सेवाएं मिल सकें। बैठक में दूरसंचार से जुड़ी जनसमस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी सहमति बनी।

इस अवसर पर समिति के सदस्यों के अलावा बीएसएनएल के उपमहाप्रबंधक संजीव तोमर, आंतरिक वित्तीय सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी विनोद कुमार जोशी, मुख्य लेखा अधिकारी शैलेंद्र मोहन वशिष्ठ, सहायक महाप्रबंधक कमल किशोर और विजय दीप मौजूद रहे। इनके साथ ही मंडलीय अभियंता संजीव मलिक (नाहन), अजय कुमार (सोलन) और पुनीत चोपड़ा (नालागढ़) सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed