सोलन में सेल्समैन के सिर पर बेलचे से वार करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शहर के माल रोड स्थित आनंद कॉम्प्लेक्स के समीप शराब के ठेके पर कार्यरत एक सेल्समैन पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने सेल्समैन के सिर पर बेलचे से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस थाना सदर सोलन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन के एक शराब सेल्समैन विरेन्द्र ठाकुर ने पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार, गत दिवस आनंद कॉम्प्लेक्स माल रोड सोलन में दो युवकों पंकज और अभिषेक निवासी हरिपुरधार, जिला सिरमौर द्वारा ठेके के सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा पुत्र श्री विक्रम सिंह, निवासी गांव समैहल, डाकघर नाहलियां, तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा के साथ मारपीट की गई।

इस दौरान आरोपी पंकज द्वारा सेल्समैन को जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर बेलचे से तीन-चार बार गंभीर वार किए गए, जिससे उसके सिर पर गहरी चोटें आईं और उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन में तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घायल पंकज कुमार शर्मा का सबसे पहले क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन में चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया, परंतु उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगामी बेहतर उपचार हेतु पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ-साथ एसएफएसएल की विशेषज्ञ टीम से भी मौका मुआयना करवाया। घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को सुरक्षित एकत्र किया गया है। इसके अलावा, घटना से जुड़े पुख्ता सबूत जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और उनका गहन तकनीकी विश्लेषण किया गया। मौके पर मौजूद लोगों व संभावित गवाहों से भी पूछताछ कर आवश्यक तथ्य जुटाए गए हैं।

पुलिस द्वारा की गई धरपकड़ और तकनीकी तलाश के आधार पर मामले में संलिप्त दोनों मुख्य आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज चीनटा उम्र 22 वर्ष पुत्र श्री बीजा राम, निवासी गांव खडान, डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर, व अभिषेक कुमार उम्र 23 वर्ष पुत्र श्री जोगिन्दर सिंह, निवासी गांव खडान, डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों की शराब के ठेके के सेल्समैन के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। आज दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।