हिमाचली पृष्ठभूमि पर बनी पहली फिल्म खूंटा को निदेशक और अभिनेत्री ने की सिनेमाघरों में देखने की अपील

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचली कलाकारों से सजी और विशुद्ध रूप से हिमाचली पृष्ठभूमि पर आधारित पहली फीचर फिल्म खूंटा को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत देश के अन्य राज्यों में दर्शकों का भरपूर प्यार और स्नेह मिल रहा है। यह बात फिल्म की निर्देशक, लेखिका और मुख्य अभिनेत्री सिरमौर जिले के द्राबिल की बेटी अनुशी शर्मा ने कही है। गत 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी इस फिल्म को लेकर उन्होंने देवभूमि हिमाचल के सभी लोगों से अपील की है कि वे परिवार सहित सिनेमाघरों में जाकर इस फिल्म को अवश्य देखें।

फिल्म की अनूठी कहानी और पृष्ठभूमि

यह फिल्म हिमाचल और उत्तराखंड की खूबसूरत पृष्ठभूमि, समृद्ध देव परंपराओं और मनमोहक हसीन वादियों के बीच फिल्माई गई है। फिल्म की कहानी पहाड़ी संघर्ष, यहां के जीवन की संवेदनाओं और प्रकृति से हो रहे खिलवाड़ व कुदरत की दहाड़ को बेहद सजीव रूप से दर्शाने का एक सफल प्रयास करती है। फिल्म के कर्णप्रिय पहाड़ी संगीत ने रिलीज से पहले ही लोगों के बीच खासी धूम मचा रखी है।

फिल्म के प्रोड्यूसर मुकेश मोदी ने जानकारी दी कि यह फिल्म वर्तमान में देश भर के लगभग 60 सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शित की जा रही है। विशेष तौर पर सोलन में इसके तीनों सिनेमाघरों में प्रतिदिन कुल चार शो दिखाए जा रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात

फिल्म के प्रति लोगों को जागरूक करने और व्यापक समर्थन जुटाने के उद्देश्य से आज फिल्म की निर्देशक अनुशी शर्मा और प्रोड्यूसर मुकेश मोदी ने सोलन के मिनी सचिवालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एएसपी रमेश शर्मा, डीएसपी अजय शर्मा और डीटीओ सोलन जीसी शर्मा से मुलाकात कर उन्हें फिल्म देखने का विशेष आमंत्रण दिया। इसके साथ ही उन्होंने सिरमौर कल्याण मंच सोलन के सदस्यों से भी भेंट की। अनुशी शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि देव आस्था और देव संस्कृति पर बनी इस अनूठी फिल्म को समर्थन दें ताकि हिमाचली सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिल सके।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।