सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़, कबड्डी और रस्साकशी मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना का परिचय देते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया।

सामूहिक प्रयासों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से पूरे महाविद्यालय परिसर में ऊर्जावान और जीवंत माहौल बना रहा। इस आयोजन ने पर्यटन के महत्व के साथ-साथ युवाओं में टीम भावना, शारीरिक स्वास्थ्य और सांस्कृतिक जागरूकता के प्रसार को रेखांकित किया।