हिमाचल में दर्दनाक हादसा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, दो ने गंवाई जान; 3 घायल

कुल्लू : देवभूमि हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र कुल्लू से एक बेहद ही हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ विश्व प्रसिद्ध मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी ढांक के समीप पंजाब से आए पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक दुर्घटना में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो कुल्लू-मनाली की वादियों में घूमने के लिए आए थे।

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया दोपहर के वक्त पेश आया जब पर्यटकों का वाहन मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी से गुजर रहा था। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। हादसे के वक्त वहां मौजूद स्थानीय स्वयंसेवी और निवासी शेरा नेगी ने गाड़ी को खाई में गिरते हुए देख लिया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत शोर मचाया और अन्य ग्रामीणों व जनता को साथ लेकर बेहद कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मसीहा बनते हुए तुरंत घायलों और मृतकों को गाड़ी से बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों और मृतकों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक लाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल महिला को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जबकि अन्य दो घायलों को भुंतर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि गाड़ी ढांक से नीचे कैसे गिरी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना वाहन चालक को मोड़ का अंदाजा न आने के कारण हुई, ब्रेक फेल होने से हुई या फिर इसके पीछे कोई और तकनीकी खराबी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद से ही इलाके में शोक का माहौल है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।