अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के दौरान मांस-मछली की बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : अंतरराष्ट्रीय मेला श्री रेणुका जी-2026 के आयोजन के दौरान मेला परिसर में मांस और मछली की बिक्री पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। यह मेला 19 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।

जिला दंडाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आदेश जारी करते हुए मेले की अवधि के दौरान संपूर्ण मेला क्षेत्र में मांस और मछली की बिक्री पर रोक लगाई है। इस अवधि में मांस-मछली की बिक्री के लिए दुकानें भी नहीं खोली जा सकेंगी। मांस-मछली की बिक्री के लिए जलाल पुल के दूसरी तरफ बाईं ओर अस्थायी रूप से स्थान निर्धारित किया गया है।

जिला दंडाधिकारी ने बताया कि श्री रेणुका जी मेला धार्मिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। मेले में हिमाचल प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने तथा मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

इसके अतिरिक्त, मेले के दौरान ग्राम पंचायत ददाहू, खाला-क्यार और मेला क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति द्वारा आग्नेयास्त्र, लाठी, धारदार हथियार और विस्फोटक सामग्री ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। मेले के दौरान सुरक्षा कर्मियों और धार्मिक परंपराओं के तहत छूट प्राप्त व्यक्तियों को इसमें छूट रहेगी। मेले के दौरान मंदिरों में नारियल चढ़ाने तथा श्री रेणुका जी क्षेत्र में शराब का सेवन कर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि करने पर भी रोक रहेगी। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed