नाहन : कालाअंब में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चाय की दुकान से देसी शराब की बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस थाना कालाअंब की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर तैनात थी। जब पुलिस टीम बाजार में मौजूद थी, उसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि मैनथप्पल होटल के पास स्थित एक चाय की दुकान में अवैध शराब बेचने का काम किया जा रहा है।

सूचना में बताया गया कि दुकान में काम करने वाला व्यक्ति सौरव, पुत्र संजीव कुमार (निवासी गांव चिकन, डाकघर बक्करवाला, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर, हरियाणा) चाय की आड़ में बिना लाइसेंस व परमिट के शराब बेचता है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दुकान पर दबिश दी और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर से बिना किसी वैध परमिट और लाइसेंस के रखी गई देसी शराब की कुल 7 बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी सौरव के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।