पावंटा साहिब में दो भीषण सड़क हादसे, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल पावंटा साहिब में दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल तीन लोग घायल हो गए हैं। दोनों ही मामलों में गाड़ियों की तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में ड्राइविंग को हादसों की मुख्य वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों की शिकायतों पर मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों हादसों के आरोपी चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले मामले में 9 अगस्त को हरिपुर टोहाना (तहसील पाँवटा साहिब) निवासी रिजवान पुत्र मिट्ठूखान ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह अपने निजी काम से माजरा की ओर जा रहा था, तभी नाहन की ओर से आ रही ऑल्टो कार (HP16-6843) और बातापुल की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर (HR26BZ-4531) की जोरदार सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ऑल्टो कार को विजेन्द्र सिंह और स्विफ्ट डिजायर को चरण सिंह चला रहे थे। इस टक्कर में अलोक पुंडीर और स्विफ्ट चालक चरण सिंह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए जुनेजा अस्पताल पहुँचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, यह हादसा स्विफ्ट डिजायर के चालक चरण सिंह द्वारा तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने की वजह से हुआ। पावंटा साहिब पुलिस ने आरोपी स्विफ्ट चालक चरण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

दूसरी घटना पुरूवाला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 707 (शिलाई-पावंटा मार्ग) पर पेश आई। ज्वालापुर (निहालगढ़, पावंटा साहिब) निवासी पंकज कुमार ने थाने में दी शिकायत में बताया कि जब वह अपने निजी कार्य से घर लौट रहा था, तभी नारीवाला लैबोरेट कंपनी के पास शिलाई की ओर से आ रही एक पिकअप (HP85-0953) ने गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही मोटरसाइकिल (HP17J-6508) को सीधी टक्कर मार दी।

जोरदार टक्कर लगने से मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गोविन्द पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी ज्वालापुर (निहालगढ़) के रूप में हुई है। वहीं, लापरवाही से पिकअप चलाने वाले चालक की पहचान मुकेश वर्मा, निवासी शरली मानपुर (तहसील कमरऊ) के रूप में की गई है। पुरूवाला पुलिस ने पिकअप चालक मुकेश वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।