सोलन: कुमारहट्टी स्थित चेवा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम में चोरी की कोशिश करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की शिकायत शाखा के सीनियर ब्रांच मैनेजर ने धर्मपुर थाने में दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी पर कालिख पोतकर की थी एटीएम तोड़ने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति औजारों के साथ एटीएम के अंदर घुसे थे। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, कार्ड रीडर स्लॉट और रसीद प्रिंटर पर काला रंग पोत दिया था। इसके बाद उन्होंने एटीएम के कैश डिस्पेंसर को तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, सुरक्षा अलार्म बजने के कारण वे नकदी चुराने में कामयाब नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने एटीएम मशीन और वहां की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया।
राजस्थान का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सोलन से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय वीरेंद्र सिंह पुनिया पुत्र बनी सिंह के रूप में हुई है, जो राजस्थान के डीग जिले का रहने वाला है।
पुलिस आरोपी से गहराई से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले की आगे की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।