नाहन: बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे बुजुर्ग की जेब से उचक्कों ने उड़ाए 50 हजार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के व्यस्त बड़ा चौक इलाके में एक बुजुर्ग की जेब से 50 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जैन मंदिर के समीप रहने वाले पीड़ित विजय कुमार जैन ने इस संबंध में डीएसपी नाहन को औपचारिक शिकायत देकर चोरी की गई नकदी बरामद करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में विजय कुमार जैन ने बताया कि बीते 2 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे वह बैंक से 50 हजार रुपये निकलवाकर अपने घर वापस आ रहे थे। उन्होंने यह रकम अपनी पैंट की दाहिनी जेब में सुरक्षित रखी थी। जब वह जैन बाजार स्थित अपनी गली के गेट पर पहुंचे और ताला खोल रहे थे, उसी दौरान 3-4 संदिग्ध युवक उनके आसपास आ धमके।

पीड़ित के अनुसार, उनमें से दो लड़के उनके बिल्कुल करीब आ गए और इसी बीच शातिर तरीके से उनकी जेब से नकदी पार कर ली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद एक युवक ने चकमा देने के लिए उनसे बस स्टैंड का रास्ता भी पूछा।

घटना के तुरंत बाद बुजुर्ग को इसका आभास नहीं हुआ। करीब एक घंटे बाद जब उन्हें पैसों की सुध आई, तो उन्होंने तुरंत आसपास खोजबीन शुरू की और बैंक जाकर भी इसके बारे में पता किया। इसके बाद जब बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो कुछ अनजान युवकों की संदिग्ध हरकतें सामने आईं, जिन पर चोरी का पूरा शक जताया जा रहा है।

पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस से गुहार लगाई है कि बाजार के सीसीटीवी फुटेज की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि इन शातिर चोरों की पहचान हो सके। शिकायत के साथ बैंक से रुपये निकालने के साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के सबूत भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।