कुरुक्षेत्र :  जिला परिषद् के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव में इनेलो ने दोनों पदों पर विजय हासिल करके कांग्रेस को करारी मात दी। अध्यक्ष पद के लिए इनेलो के प्रवीण चौधरी ने कांग्रेस समर्थित ऊषा रानी को हराया, जबकि उपाध्यक्ष पद हेतु इनेलो के सुभाष बटेड़ी ने कांग्रेस के हरजोत सिंह को शिकस्त दी। इनेलो उम्मीदवारों को 9 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को 6 वोट मिले। पंचायत भवन में आयोजित इस चुनाव के अवसर पर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए थे। सुरक्षा प्रबंधों की बागडोर स्वयं पुलिस अधीक्षक सुलतान सिंह ने संभाली हुई थी। वहीं यमुनानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक चौहान भी ड्यूटी पर तैनात थे। सैकड़ों की संख्या में पुलिस चारों ओर नाकाबंदी कर बैठे थे। किसी को भी पंचायत भवन में नहीं जाने दिया। चुनाव अधिकारी एवं एडीसी सुमेधा कटारिया की देखरेख में संपन्न हुए इस चुनाव में इस बार सुरक्षा के जबरदस्त प्रबंध देखने को मिले।

इनेलो के कार्यकर्ता आकाशवाणी केंद्र के पास सैकड़ों की संख्या में मौजूद थे। प्रात: से ही बड़शामी हाउस इनेलो की गतिविधियों का केंद्र बना हुआ था। ओमप्रकाश चौटाला, अजय चौटाला, अशोक अरोड़ा तथा लगभग एक दर्जन से अधिक विधायक व जिला परिषद् के 9 सदस्य बड़शामी हाउस पर एकत्रित हो गए थे। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला अपनी सरकारी गाड़ी में जिला परिषद् के तीन सदस्यों नैब सिंह, चंद्रभान वाल्मीकि और प्रवीण चौधरी को लेकर पहुंचे। उनके साथ इस गाड़ी में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा भी थे। उनके पीछे अजय चौटाला स्वयं गाड़ी चलाते हुए आए और इसमें सुरेश नैन, रामकरण काला व सुभाष बटेड़ी बैठे हुए थे। गाड़ी में शेर सिंह बड़शामी भी सवार थे। इसी कड़ी में शेर सिंह बड़शामी की गाड़ी में तीन महिला सदस्य जसपालो, कर्मजीत कौर व सलिंद्रो सवार थी। तीनों वाहनों का जब यह काफिला रैडक्रास के पास नाके पर पहुंचा, तो ओमप्रकाश चौटाला को देख ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने आप ही नाके हटा दिए। ओमप्रकाश चौटाला और अजय चौटाला की देखरेख में इनेलो के जब ये 9 सदस्य पंचायत भवन के गेट पर पहुंचे और इन्हें पंचायत भवन में प्रवेश करवाकर ही इनेलो नेता वापस लौटे। इससे पूर्व लगभग सवा दस बजे कांग्रेस समर्थित छह सदस्य एसपी निवास वाली सड़क से पंचायत भवन में आए। लगभग 12:30 पर चुनाव परिणाम घोषित हुआ। चुनाव परिणाम सुनते ही इनेलो कार्यकर्ताओं ने ढोल-डमाकों के साथ नारेबाजी की। जब तक चुनाव परिणाम घोषित नहीं हुआ, तब तक ओमप्रकाश चौटाला तथा इनेलो के अन्य नेता पंचायत भवन के निकट ही एक इनेलो कार्यकर्ता के निवास स्थान पर डटे रहे। जुलूस के रूप में दोनों विजयी पदाधिकारियों को खुली जीप में बिठाकर बड़शामी हाउस ले जाया गया।

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कुरुक्षेत्र जिला परिषद् के चुनाव में इनेलो की जीत को लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि महाभारत की इस भूमि पर लोकतंत्र की रक्षा हुई है तथा अन्याय के खिलाफ न्याय की जीत हुई है। चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात बड़शामी हाउस पर चौटाला पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। कुरुक्षेत्र जिला परिषद का यह चुनाव इसका जीताजागता उदाहरण है। कांग्रेस व प्रशासन ने इस चुनाव को टालने का प्रयास किया। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद दो दिन पूर्व चुनाव स्थगित कर दिया गया। इनेलो कार्यकर्ताओं व जिप के सदस्यों पर झूठे मामलें दर्ज किए गए। आज इनेलो के हजारों कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर अपना रोष व्यक्त किया और मजबूर होकर जिला प्रशासन को चुनाव कराना पड़ा। उन्होंने इस जीत को न्याय की जीत बताते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की इस भूमि पर हमेशा न्याय की जीत हुई है। मीडिया व जनता ने मिलकर लोकतंत्र को बचाया है। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए विशेष तौर पर मीडिया को बधाई दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version