सिरसा:  क्षेत्र के प्रमुख स्वर्णकार सज्जन सोनी ने खेलों के प्रति सद्भावना अपनी कला के माध्यम से दर्शाई है। राष्ट्रमंडल खेलों के लोगो को उन्होंने बेहतरीन ढंग से चांदी पर उकेरा। सोनी ने प्रदेश के गृह, उद्योग एवं खेल राज्य मंत्री गोपाल कांडा को उनके कार्यालय में यह सुंदर कलाकृति भेंट की। इस अवसर पर गोपाल कांडा ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन में जनता की भी पूरी सहभागिता है। प्रदेश के लोगों ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया और इसी से प्रदेश के खिलाडिय़ों ने पदक पर पदक बटोरे। सोनी की इस अनूठी कला को भी कांडा ने खूब सराहा। उन्होंने कहा कि खेल प्रेम का यह प्रतीक सदैव संग्रहणीय है। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाडिय़ों का उत्कृष्ट प्रदर्शन एक नया इतिहास बन गया है। देश के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रमंडल खेलों में जितने पदक हासिल किए हैं, उसमें हरियाणा का योगदान सर्वाधिक है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश की जनता और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में खेल और खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन के लिए चलाई जा रही योजनाओं को साधुवाद दिया।

कांडा ने कहा कि स्वर्ण पदक, रजत व कांस्य पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को राज्य सरकार की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही खिलाडिय़ों के प्रशिक्षकों के अभिनंदन की भी नई परंपरा मुख्यमंत्री ने शुरू करने की घोषणा की है। गोपाल कांडा ने खेल प्रेमी सज्जन सोनी द्वारा तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों की भी जानकारी प्राप्त की। सोनी ने बताया कि उन्होंने 15 ग्राम चांदी से इस लोगो को तैयार किया है। कई घंटों की मेहनत से तैयार हुई इस कलाकृति को हूबहू राष्ट्रमंडल लोगो की तरह ही बनाया गया है। इसे उंगली में अंगूठी की तरह पहना जा सकता है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य गोबिंद कांडा, कांग्रेस नेता प्रेम शर्मा, पूर्व पार्षद राजेंद्र मकानी, समाजसेवी अमन सर्राफ, आढ़तियान एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र मीचनाबाद वाला, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान भागीरथ गुप्ता, सैनी समाज सभा के प्रधान सूरत सिंह सैनी, पूर्व चेयरमैन कृष्ण सैनी सहित कई लोग मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि इस कलाकृति से पहले भी सज्जन सोनी ने सोने व चांदी पर बेहतरीन कलाकृतियां तैयार की हैं। विश्वकप फुटबॉल, ओलंपिक, विश्व कप क्रिकेट इत्यादि पर उनके द्वारा तैयार की गई अनूठी कलाकृतियों को समय-समय पर प्रमुख लोगों ने सराहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version