घनश्याम दास वर्मा के निधन पर CM ने जताया गहरा शोक, दी श्रद्धांजलि

Photo of author

By Hills Post

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता घनश्याम दास वर्मा के निधन पर गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है। घनश्याम दास वर्मा शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के थाची गांव के निवासी थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घनश्याम दास वर्मा का निधन न केवल कानूनी जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि उन सभी लोगों के लिए भी एक बड़ा आघात है जिन्हें उनके सान्निध्य में काम करने और उनके व्यक्तित्व को निकट से जानने का अवसर मिला। उन्होंने विधि के क्षेत्र में स्वर्गीय वर्मा के उल्लेखनीय योगदान, मार्गदर्शन और बहुमूल्य कानूनी परामर्श को हमेशा स्मरणीय बताया।

मुख्यमंत्री स्वयं घनश्याम दास वर्मा के अंतिम संस्कार में सम्मिलित हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी तथा एडवोकेट जनरल अनूप रतन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।