सोलन: हिमाचल प्रदेश की प्राचीन भाषा और सांस्कृतिक पहचान को सहेजने के लिए 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक एक महीने की राष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला का विषय पहाड़ी वर्णमाला (टांकरी लिपि) प्रशिक्षण है। इसका आयोजन राजकीय महाविद्यालय, सोलन और हिम संस्कृति शोध संस्थान, आनी कुल्लू के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कौन ले सकता है हिस्सा?
इस कार्यशाला में राजकीय महाविद्यालय सोलन के तहत आने वाले सात क्लस्टर संस्थानों पझौता, राजगढ़, कंडाघाट, अर्की, सुबाथू, धर्मपुर और संस्कृत महाविद्यालय सोल) के प्राध्यापक और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, देश के किसी भी हिस्से से इच्छुक प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी भी इस कार्यशाला में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ सकते हैं।

कैसे होगा प्रशिक्षण?
कार्यशाला में प्रशिक्षण को बहुत व्यवस्थित तरीके से डिजाइन किया गया है। सप्ताह में 3 दिन नियमित कक्षाएं, 3 दिन प्रैक्टिस तथा सप्ताह के अंतिम दिन सीखे गए विषयों का टेस्ट होगा।
इस प्रशिक्षण से प्रतिभागी न सिर्फ अपनी पहाड़ी बोलियों को मूल लिपि में पढ़ना-लिखना सीखेंगे, बल्कि हिंदी और संस्कृत जैसी भाषाओं को भी टांकरी लिपि में शुद्धता से लिख-पढ़ सकेंगे। कार्यशाला के सफलतापूर्वक पूरा होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
क्या है टांकरी लिपि का महत्व?
टांकरी लिपि हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का एक अहम हिस्सा रही है। यह करीब एक हजार सालों से हिमाचल के अलावा जम्मू, उत्तराखंड और पंजाब के कुछ इलाकों में प्रचलित रही है। स्थानीय लोग इसे ‘स्वदेशी अछर’ और ‘टांकरे अछर’ भी कहते हैं। इस लिपि का संबंध प्राचीन शारदा लिपि से माना जाता है। इसी से पाबुची, चंदवानी और भट्टाक्षरी जैसी अन्य स्थानीय लिपियां भी निकली हैं।
पुरातन ज्ञान और इतिहास को समझने में मददगार
टांकरी लिपि में इतिहास, समाज, प्रशासन, पारंपरिक चिकित्सा और ज्योतिष से जुड़ी कई अहम पांडुलिपियां, ताम्रपत्र और शिलालेख आज भी मौजूद हैं। लेकिन इन्हें पढ़ने वालों की कमी के कारण यह अनमोल ज्ञान लुप्त होने की कगार पर है। इस कार्यशाला का एक बड़ा उद्देश्य नई पीढ़ी को यह लिपि सिखाना है ताकि इन प्राचीन दस्तावेजों का अध्ययन और संरक्षण किया जा सके।
कार्यशाला के संयोजक और राजकीय महाविद्यालय सोलन के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. शिव भारद्वाज ने बताया कि टांकरी लिपि केवल एक भाषा नहीं है, बल्कि यह हिमाचल के इतिहास, लोकज्ञान और सांस्कृतिक पहचान को समझने का एक बड़ा जरिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यशाला से विद्यार्थियों और शोधार्थियों में इस प्राचीन लिपि के प्रति रुचि बढ़ेगी और भविष्य के लिए प्रशिक्षित लोग तैयार हो सकेंगे।