राजगढ़ में पालतू कुत्ते ने 10 वर्षीय मासूम पर किया हमला, पीठ पर काटा; पुलिस ने दर्ज किया मामला

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल राजगढ़ के अंतर्गत आने वाले गांव टिक्कर में एक पालतू कुत्ते द्वारा 10 वर्षीय बच्चे को काटकर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहीं बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव टिक्कर, डाकघर व तहसील राजगढ़ निवासी जसबीर सिंह पुत्र अजमेर सिंह ने पुलिस थाना राजगढ़ में बताया कि बीते कल वह अपने परिवार सहित किसी शादी समारोह में गए हुए थे। समारोह से वापस लौटते समय शाम करीब 4:30 बजे उनका 10 वर्षीय बेटा यशप्रीत अपने दोस्त के साथ पैदल घर आ रहा था।

शिकायत के अनुसार, जब बच्चे इंदु धवन के घर के ऊपर सड़क के पास पहुंचे, तो वहां मौजूद इंदु धवन के एक सफेद रंग के पालतू कुत्ते (जिसके गले में पट्टा लगा हुआ था) ने यशप्रीत पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे की पीठ के दाहिने हिस्से पर बुरी तरह काट लिया। हमले से घबराया और दर्द से रोता हुआ बच्चा किसी तरह अपने घर पहुंचा।

घर पहुंचने पर जब परिजनों ने यशप्रीत की पीठ देखी तो वहां से खून निकल रहा था। परिजन तुरंत घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद पिता जसबीर सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना राजगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।