नाहन: नगर परिषद चुनाव में नामांकन प्रक्रिया संपन्न,13 वार्डों से कुल 31 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा

नाहन : नगर परिषद नाहन के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज, शनिवार को पूरी तरह संपन्न हो गई। अंतिम दिन यानी 2 मई को विभिन्न वार्डों से कुल 12 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिसके बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या अब 31 पहुंच गई है। इससे पूर्व 30 अप्रैल को सबसे अधिक 19 उम्मीदवारों ने अपने परचे भरे थे, जबकि नामांकन के पहले दिन यानी 29 अप्रैल को किसी भी प्रत्याशी ने अपनी दावेदारी पेश नहीं की थी।

वार्डवार स्थिति पर नजर डालें तो वार्ड नंबर 12 (नवनी का बाग) में सबसे कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, जहाँ से राकेश कुमार, प्रदीप कुमार, विनीत कुमार और नरेश सहित सर्वाधिक 4 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। वहीं, कुछ वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई है। वार्ड नंबर 1 (धाबों) में कपिल गर्ग, शुभम सैनी और नमन बर्मन के बीच मुकाबला है। वार्ड नंबर 3 (शांति संगम) से आशा भारद्वाज , उपमा धीमान और लीला ने नामांकन दाखिल किया है। इसके अतिरिक्त, वार्ड नंबर 13 (वाल्मीकि बस्ती) में सर्वजीत कौर, संजना कौर और ज्योति के बीच चुनावी जंग देखने को मिलेगी। इन वार्डों में उम्मीदवारों की संख्या तीन-तीन है, जिससे मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद है।

नगर परिषद नाहन

नगर परिषद नाहन के चुनाव में कई वार्डों में सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। वार्ड नंबर 2 (हरिपुर) से मनीष और नरेंद्र सिंह तोमर के बीच टक्कर है। इसी प्रकार, वार्ड नंबर 5 (अमरपुर) में सीमा अत्री और समीना खान चुनाव मैदान में हैं। वार्ड नंबर 8 (रानीताल) से संजय चौहान और वीरेंद्र कुमार ने अपनी दावेदारी पेश की है। वार्ड नंबर 9 (मियां मंदिर) में कुसुम और कौशल्या के बीच मुकाबला होगा, जबकि वार्ड नंबर 11 (जगन्नाथ) से हरप्रीत कौर और संध्या अग्रवाल ने पर्चे भरे हैं।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, जो उम्मीदवार अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, उनके लिए 6 मई 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रत्याशी इस दिन दोपहर 3:00 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं, जिसके बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची और उनके चुनाव चिन्ह जारी किए जाएंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।