नौहराधार-राजगढ़ रोड पर 10.54 ग्राम चिट्टे के साथ स्थानीय व्यक्ति और हरियाणा का साथी गिरफ्तार

नाहन : सिरमौर जिला में नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़ी गई मुहिम के तहत डिटेक्शन सेल की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आज टीम ने नौहराधार-राजगढ़ मार्ग पर केयर नाला के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों के कब्जे से 10.54 ग्राम हेरोइन, जिसे स्थानीय भाषा में चिट्टा भी कहा जाता है, बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज वर्मा (38)पुत्र ईश्वर दास वर्मा, निवासी नौहराधार, सिरमौर और सतीश कुमार (41)पुत्र सुलैना सिंह, निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।

इस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना संगड़ाह में एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आगामी तफ्तीश गंभीरता से अमल में लाई जा रही है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि उनसे पूछताछ की जा सके।

पुलिस विभाग अब इस नेटवर्क की गहराई तक जाने की कोशिश कर रहा है। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि आरोपी नशे की यह खेप कहाँ से लेकर आए थे और इसे किन इलाकों या व्यक्तियों को सप्लाई किया जाना था। एसपी सिरमौर ने दोहराया है कि जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध उनकी कार्रवाई इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।