शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार चिट्टे सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों के समूल नाश के लिए सख्त अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशे के खिलाफ इस लड़ाई को केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रखकर एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉकाथॉन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विद्यार्थी, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल और आम नागरिक बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

चार साल में 7,950 मामले दर्ज, पीआईटी-एनडीपीएस में देश में दूसरा स्थान
प्रदेश सरकार ने पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहे, बल्कि मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, सप्लाई नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अंतरराज्यीय संबंधों पर कड़ा प्रहार किया जाए। आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार वर्षों में राज्य में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7,950 मामले दर्ज किए गए और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा सहित भारी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद से अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया जा चुका है, जिनमें से 159 पर अकेले वर्ष 2026 में कार्रवाई हुई है। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
92 करोड़ की संपत्ति जब्त, 22 अवैध निर्माण ध्वस्त
नशे के अवैध कारोबार की आर्थिक कमर तोड़ते हुए सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। प्रदेश में पहली बार नशे की कमाई से अर्जित 48 लाख रुपये की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित की गई है। इसके अलावा, एनडीपीएस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियों की पहचान की गई है, जिनमें से 22 पर ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए एक समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है।
51 सरकारी कर्मी बर्खास्त, 246 पंचायतें विशेष निगरानी में
नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अब तक 168 सरकारी कर्मियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के जरिए अब तक लगभग 12,000 व्यक्तियों की पहचान की गई है, ताकि जरूरतमंदों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ा जा सके व तस्करों पर शिकंजा कसा जा सके।
पुनर्वास केंद्र, ड्रग टेस्ट और गोपनीय व्हाट्सएप चैटबॉट
दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ सरकार प्रभावितों के उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र शुरू किया गया है, वहीं टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस के संचालन में सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार करने और सरकारी भर्तियों के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठा रही है। जल्द ही एक विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट भी शुरू किया जाएगा, जिसके जरिए नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखकर नशा तस्करी की सूचना दे सकेंगे और उपचार व परामर्श की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता और सीएम की अपील
शैक्षणिक संस्थानों में एंटी-ड्रग क्लब और प्रहरी क्लबों को मजबूत किया जा रहा है। जून से अगस्त 2026 के बीच पुलिस अधिकारियों ने 158 स्कूलों को गोद लिया और 332 संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए। प्रदेश के लगभग 9,677 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है, जिसके लिए हिमाचल को ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ के तहत देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से एंटी-चिट्टा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए स्पष्ट किया कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी गिरोह या तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।