नाहन के नया बाजार में टी-स्टॉल की आड़ में परोसी जा रही थी अवैध शराब, पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के नया बाजार क्षेत्र में टी-स्टॉल और होटल की आड़ में अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और संचालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना नाहन की एक टीम नया बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नया बाजार स्थित एक होटल/टी-स्टॉल में अवैध रूप से ग्राहकों को शराब पिलाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए ठिकाने पर दबिश दी।

पुलिस टीम जैसे ही दुकान के पास पहुंची, तो अंदर से तेज शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दीं। संदेह होने पर पुलिस ने बिना समय गंवाए अंदर प्रवेश कर जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि होटल के अंदर काउंटर के पीछे लगी एक मेज पर दो युवक बैठकर कांच के गिलासों में शराब पी रहे थे।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर दुकान संचालक ने अपनी पहचान नवीन कुमार (पुत्र स्वर्गीय हरिशरण), निवासी मकान नंबर 332/6, नया बाजार, नाहन, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) के रूप में बताई।

पुलिस टीम ने जब होटल संचालक से ग्राहकों को शराब परोसने व पिलाने से संबंधित वैध लाइसेंस या परमिट पेश करने को कहा, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने टी-स्टॉल की आड़ में अवैध रूप से शराब परोसने का कारोबार चला रहा था।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना नाहन में आरोपी नवीन कुमार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।