नाहन : सामाजिक एवं मानव सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी, नाहन’ ने जुलाई 2026 माह की अपनी मासिक रक्तदान रिपोर्ट जारी की है। संस्था के सदस्यों के निस्वार्थ भाव, अटूट सहयोग और दिन-रात की मेहनत की बदौलत बीते एक महीने के दौरान कुल 48 यूनिट रक्तदान करवाकर कई गंभीर मरीजों को नया जीवन दिया गया है।
संस्था द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जुलाई से 31 जुलाई तक डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन में मरीजों की आवश्यकतानुसार विभिन्न ब्लड ग्रुप्स का 38 यूनिट रक्तदान करवाया गया। इसमें A पॉजिटिव की 4, O पॉजिटिव की 8, AB पॉजिटिव की 10, AB नेगेटिव की 1, B पॉजिटिव की 7, O नेगेटिव की 2 तथा A नेगेटिव की 5 यूनिट्स शामिल हैं।

नाहन के अलावा संस्था के सदस्यों ने आपात स्थिति में बाहरी राज्यों और प्रदेश के शीर्ष अस्पतालों में जाकर भी मरीजों की मदद की। PGI चंडीगढ़ में भर्ती गंभीर मरीजों के लिए संस्था के सदस्य विजय, विजय कुमार, प्रमोद कुमार तथा सतविंदर ने स्वयं पहुंचकर AB पॉजिटिव प्लेटलेट्स (SDP) दान किए। वहीं, ओजस अस्पताल पंचकूला में अजय चौहान ने B पॉजिटिव और IGMC शिमला में कपिल नेगी ने O पॉजिटिव रक्तदान कर मरीजों की तात्कालिक जरूरत को पूरा किया।
जिला सिरमौर से बाहर इलाज करवा रहे मरीजों के लिए संस्था के विशेष सहयोगियों ने भी बेहतरीन समन्वय दिखाया। बाज़ ब्लड ग्रुप के अध्यक्ष सलमान खान ने PGI चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली में 3 यूनिट तथा अखिल माहेश्वरी ने मोहाली व पंचकूला में सिरमौर के मरीजों के लिए 3 यूनिट रक्त की व्यवस्था पूरी करवाई।
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी के पदाधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय संस्था के सभी समर्पित रक्तदाताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज की जान सिर्फ इसलिए न जाए कि उसे समय पर खून नहीं मिला, इसी सोच के साथ पूरी टीम 24 घंटे मानवता की सेवा में तत्परता से कार्य कर रही है।