नाहन: त्रिलोकपुर ट्रस्ट के बजट से होगा ऐतिहासिक परशुराम मंदिर का कायाकल्प

नाहन : ऐतिहासिक शहर नाहन के हृदय स्थल में स्थित प्राचीन मियाँ मंदिर (भगवान परशुराम मंदिर) के जीर्णोद्धार और संरक्षण की दिशा में एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। हाल ही में विधायक अजय सोलंकी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का दौरा किया और पूजा-अर्चना कर नाहन एवं समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।

निरीक्षण के दौरान देखा गया कि लगातार हो रही बारिश और रखरखाव के अभाव में मंदिर परिसर की सुरक्षा दीवारें ढहने की कगार पर पहुँच चुकी हैं और परिसर का एक हिस्सा लगातार धँस रहा है। ऐतिहासिक धरोहर के अस्तित्व पर मँडराते इस खतरे को देखते हुए विधायक ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए। विधायक अजय सोलंकी ने माता बालासुंदरी त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के अधिकारियों और प्रशासनिक अमले के साथ पूरी योजना पर विस्तृत चर्चा की और स्पष्ट किया कि मंदिर के कायाकल्प के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस जीर्णोद्धार योजना के तहत माता बालासुंदरी टेंपल ट्रस्ट (त्रिलोकपुर) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए फिलहाल विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। योजना के मुख्य कार्यों में धँस रहे परिसर को बचाने के लिए मजबूत सुरक्षा दीवारें लगाना, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सामुदायिक भवन का निर्माण करना, मुख्य मंदिर का संरक्षण और परिक्रमा मार्ग को सुव्यवस्थित करना शामिल है। विधायक ने मौके पर उपस्थित SDM नाहन और त्रिलोकपुर मंदिर के SDO को इन सभी विकास कार्यों को जल्द से जल्द कागजों से धरातल पर उतारने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक अजय सोलंकी ने आम जनता से भी इस पावन कार्य में सहयोग और भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मियाँ मंदिर नाहन की अनमोल ऐतिहासिक धरोहर और हम सभी की अटूट आस्था का केंद्र है। इसके गौरव, सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों को सौंपना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, और इसके संरक्षण के लिए सरकार व प्रशासन हर संभव प्रयास करेंगे।

गौर हो कि इस पूरे मामले में ‘हिल्स पोस्ट’ मीडिया द्वारा उठाई गई जन-आवाज़ का बड़ा असर देखने को मिला है। हाल ही में हिल्स पोस्ट ने स्थानीय लोगों की समस्याओं और मंदिर परिसर के खस्ताहाल हिस्सों को प्रमुखता से उजागर करते हुए एक विशेष वीडियो रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें नागरिकों ने स्थानीय विधायक अजय सोलंकी से मंदिर के संरक्षण की गुहार लगाई थी। इसी खबर का त्वरित संज्ञान लेते हुए विधायक अजय सोलंकी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का दौरा किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।