नाहन: आज तड़के नाहन-पांवटा नेशनल हाईवे पर एक ट्रक में भीषण आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह हादसा दोसड़का (पांवटा रोड) के पास पेश आया। दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण एक बड़े हादसे को टाल दिया गया, हालांकि इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
अग्निशमन केंद्र नाहन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:35 बजे अहमद खान नामक व्यक्ति ने विभाग को आग की सूचना दी। दमकल केंद्र से घटनास्थल की दूरी करीब 4 किलोमीटर थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम महज एक मिनट के भीतर (5:36 बजे) रवाना हो गई और 5:42 बजे मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि ट्रक (नंबर JK 14E 1681) कालाअंब स्थित रुचिका पेपर मिल से कोयले की राख लेकर पांवटा साहिब की एक सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रहा था। प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। ट्रक ऊधमपुर (जम्मू) की श्रीराम कंपनी का बताया जा रहा है।
इस अग्निकांड में लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रक का लकड़ी का केबिन, एक टायर और इंजन की पूरी वायरिंग जलकर खाक हो गई। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। इसमें ट्रक की बॉडी, मुख्य इंजन, ट्रक में लदा माल और मौके पर रखे एलपीजी सिलेंडर शामिल थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान (जनहानि) नहीं हुई।
दमकल कर्मियों ने करीब 57 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। टीम का नेतृत्व शिफ्ट प्रभारी ने किया, जिसमें कुल 4 सदस्य (LFM-1, HG-2, DRV-1) शामिल रहे। मौके पर पुलिस की टीम भी तैनात रही और जांच जारी है।