नाहन : सिरमौर जिले के ऐतिहासिक शहर नाहन की होनहार बेटी शगुन ने चिकित्सा जगत में अपनी लगन और मेहनत का लोहा मनवाया है। नाहन कैंट स्थित शमशेरपुर(कैंट) मोहल्ले की रहने वाली शगुन ने प्रतिष्ठित ‘अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (ABVIMS), नई दिल्ली में MD एनेस्थीसियोलॉजी की सीट हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
बनीता एवं धीरज कुमार की सुपुत्री शगुन ने वर्ष 2019 में डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज, नाहन से अपनी MBBS की पढ़ाई शुरू की थी। स्नातक की डिग्री पूरी करने के बाद से ही वे स्नातकोत्तर के लिए कड़ी मेहनत में जुटी हुई थीं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में शुमार दिल्ली के ABVIMS में अपना स्थान पक्का किया।

एमडी एनेस्थीसियोलॉजी चिकित्सा प्रणाली की एक बेहद संवेदनशील और तकनीकी शाखा है। सर्जरी के दौरान मरीज को सुरक्षित एनेस्थीसिया देना, पेन मैनेजमेंट (दर्द निवारण) और क्रिटिकल/इंटेसिव केयर में एनेस्थेटिस्ट की मुख्य भूमिका रहती है। शगुन की यह विशेषज्ञता भविष्य में आपातकालीन व जटिल ऑपरेशनों के दौरान मरीजों को जीवनरक्षक देखभाल प्रदान करने में बेहद कारगर साबित होगी।
एक छोटे से शहर से निकलकर देश की राजधानी के शीर्ष मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने का शगुन का यह सफर सिरमौर के अन्य मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गया है। उनकी इस बड़ी कामयाबी पर परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में जश्न का माहौल है। क्षेत्रवासियों को पूरी उम्मीद है कि शगुन अपनी विशेषज्ञता से भविष्य में समाज और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक अमिट योगदान देंगी।