नाहन: भांभी भनोत स्कूल में ‘बैग फ्री डे’ पर क्विज का धमाल, अंशिका की टीम रही अव्वल

नाहन : शिक्षा खंड नाहन के अंतर्गत आने वाले राजकीय माध्यमिक पाठशाला भांभी भनोत में हर बार की तरह इस बार भी “बैग फ्री डे” के अवसर पर एक शानदार क्विज (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में ‘पाखी फाउंडेशन नाहन’ की चेयरमैन अंबिका शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। गौरतलब है कि अंबिका शर्मा इससे पहले भी धारटीधार क्षेत्र के अधिकतर बच्चों को निशुल्क ऑनलाइन इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स के माध्यम से अंग्रेजी शिक्षा प्रदान कर समाज में अपना अमूल्य योगदान दे चुकी हैं।

स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, सामान्य ज्ञान (जीके) और रीजनिंग पर आधारित बेहद ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछे गए, जिसमें विद्यालय के लगभग सभी छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस क्विज प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में शिक्षा के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न करना और मंच पर आने वाले उनके संकोच व झिझक को दूर करना है। इसी उद्देश्य के साथ इस विद्यालय में हर महीने के अंतिम शनिवार को यह प्रतियोगिता अनिवार्य रूप से आयोजित की जाती है।

इससे पहले, स्कूल पहुंचने पर मुख्य अतिथि महोदया का विद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें और उनके सहयोगियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कड़े मुकाबले के बाद आज की इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंशिका, श्रेयसी ठाकुर और मंशूम की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कनव शर्मा, दिवांश ठाकुर और गौरव चौहान की टीम द्वितीय स्थान पर तथा शीतल, प्रज्ञा ठाकुर और दीक्षिता की टीम तृतीय स्थान पर रही।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि अंबिका शर्मा ने उपस्थित सभी छात्रों, अभिभावकों और समस्त विद्यालय परिवार के समक्ष अपने प्रेरणादायक विचार रखे। उन्होंने बच्चों को जीवन में लगातार सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका मनोबल बढ़ाया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।