नाहन: हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकता के नारे के साथ ड्रॉप्स ऑफ होप ने लगाया भंडारा

नाहन : सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहने वाली ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ सिरमौर द्वारा आज डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य की शुरुआत ‘हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकता जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे के साथ की गई, जो समाज में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का एक बड़ा संदेश दे गया।

इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने एकता की शक्ति पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी सेवा कार्य अकेले दम पर पूरा नहीं किया जा सकता; उसके लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा, तभी देश और समाज का वास्तविक भला हो सकता है।

ईशान राव ने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गलत या भड़काऊ टिप्पणी करता है, तो उससे निपटने के लिए पुलिस प्रशासन मौजूद है। युवाओं को किसी के बहकावे या बातों में आकर कोई भी गलत कदम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने सभी से एक-दूसरे का सहयोग करने और समाज को खोखला कर रहे ‘चिट्टे’ (ड्रग्स) जैसे घातक नशे के खिलाफ एक साथ मिलकर निर्णायक लड़ाई लड़ने का पुरजोर आह्वान किया।

इस सेवा कार्य और भंडारे के सफल आयोजन के दौरान सोसाइटी के सदस्य अवकाश सिंह, मुकेश शर्मा, नवीन ठाकुर, सचिन चौधरी, मन्नत, संटी सैनी, जगदेव सिंह और इशविंन राव सहित कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।