नाहन: महिला नेतृत्व वाले शहर में ही महिलाएं परेशान, मेले में बंद पड़े पिंक और सार्वजनिक शौचालय

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के ऐतिहासिक नाहन शहर के चौगान मैदान में पिछले 10 दिनों से लगे मेले में नगर परिषद और मेला आयोजकों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बड़े-बड़े स्टालों, दुकानों और हर शाम आयोजित हो रहे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकगीतों व नृत्य प्रस्तुतियों से सजे इस मेले में आने वाली महिलाओं और बच्चों के लिए मूलभूत स्वच्छता सुविधाओं का भारी अभाव देखा जा रहा है।

एक तरफ जहाँ मेले में शाम ढलते ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गानों की धूम रहती है, वहीं दूसरी तरफ मेले में खरीदारी और घूमने आ रही महिलाओं को शौचालय न मिलने के कारण भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। सबसे निराशाजनक बात यह है कि महिलाओं की विशेष सुविधा के लिए चौगान मैदान के भीतर जो नया ‘पिंक टॉयलेट’ बनवाया गया था, उस पर ताला लटका हुआ है। इसके अलावा चौगान के पास स्थित दिल्ली गेट का सार्वजनिक शौचालय पूरी तरह बंद है और माल रोड पर बने शौचालयों पर भी ताले जड़े हुए हैं।

जब महिलाओं के साथ आए एक व्यक्ति ने चौगान मैदान में यह समस्या एक सरदार जी से साझा की, तो उन्होंने उन्हें तुरंत पास के गुरुद्वारा साहिब जाने की सलाह दी। ऐसे में मेले में पहुँची सैकड़ों महिलाओं, बुजुर्गों और छोटी बच्चियों के पास गुरुद्वारा साहिब की शरण लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने संकट की इस घड़ी में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति का दिल से धन्यवाद व्यक्त किया है, जो नि:स्वार्थ भाव से लोगों को यह आवश्यक सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

मेले में फैली इस अव्यवस्था को लेकर जब नगर परिषद के अधिकारियों से सवाल किया गया, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कर्मचारियों को चाबियाँ सौंपी गई हैं। हालाँकि, धरातल पर ताले लगे होने के कारण प्रशासन के ये दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। स्थानीय जनता और दुकानदारों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि जहाँ इतने बड़े पैमाने पर व्यावसायिक स्टाल, दुकानें और हर शाम सांस्कृतिक मंच सजाया गया है, वहाँ मेला आयोजक और नगर परिषद एक या दो अस्थायी मोबाइल शौचालय तक स्थापित नहीं कर सके।

शहरवासियों में इस बात को लेकर भी सबसे ज्यादा हैरानी और नाराजगी है कि जिला सिरमौर की कमान वर्तमान में महिला अधिकारियों (उपायुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त) के हाथों में है और नगर परिषद की अध्यक्ष भी एक महिला हैं। इसके बावजूद, ऐतिहासिक चौगान मैदान जैसे मुख्य स्थल पर महिलाओं की बुनियादी सम्मान व गरिमा से जुड़ी इतनी बड़ी समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से माँग की है कि चौगान मैदान और आसपास के सभी बंद पड़े शौचालयों को तुरंत प्रभाव से खुलवाया जाए और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व आयोजकों की जवाबदेही तय की जाए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।