नाहन : देश भर में तूल पकड़ चुके नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर अब जिला मुख्यालय नाहन में भी सियासत पूरी तरह गरमा गई है। आज कांग्रेस भवन नाहन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस महाघोटाले से देश के लाखों होनहार युवाओं के भविष्य के साथ सरेआम खिलवाड़ हुआ है। कांग्रेस ने इस मामले में संलिप्त दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग उठाई है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने नीट पेपर लीक मामले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और देश के लिए शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में हुई इन गंभीर अनियमितताओं के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। मानसिक तनाव और निराशा के चलते देश भर में कई अभ्यर्थियों द्वारा आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने की घटनाएं सामने आई हैं, जो बेहद दुखद और चिंताजनक हैं। विधायक ने केंद्र को घेरते हुए कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान खुद हिमाचल प्रदेश में भी कई बड़े भर्ती घोटाले सामने आए थे, और अब राष्ट्रीय स्तर पर भी युवाओं के हक पर डाका डाला जा रहा है।

कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए नैतिकता के आधार पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत पद से इस्तीफा देने की मांग की है। मीडिया से रूबरू होते हुए कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द ही उचित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए पार्टी आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करने और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।