शिमला: शिमला यूनिवर्सिटी (APG) ने नेक्स्टजेन के सहयोग से आज विश्वविद्यालय परिसर से एक विशेष 34 दिवसीय काउंसलिंग जागरूकता कारवां को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अनूठी और व्यापक पहल का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, प्रवेश परामर्श तथा उच्च शिक्षा के बदलते व आधुनिक अवसरों के प्रति जागरूक करना है।

यह जागरूकता कारवां आगामी 34 दिनों तक लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों और कस्बों का सघन भ्रमण करेगा। इस दौरान यह कारवां विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के बीच जाकर उन्हें शिक्षा एवं करियर से जुड़े भविष्य के महत्वपूर्ण निर्णय लेने में व्यावहारिक सहायता प्रदान करेगा। अभियान के तहत पारंपरिक शिक्षा से हटकर आज के समय में उभरते हुए नए करियर विकल्पों, विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी स्कॉलरशिप, स्कील डेवलपमेंट तथा इंडस्ट्री-ओरिएंटेड शिक्षा के बारे में बेहद विस्तृत और महत्वपूर्ण जानकारियां मैदानी स्तर पर दी जाएंगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की निदेशक (प्रवेश) उषा चौहान ने कारवां को रवाना करते हुए कहा कि यह काउंसलिंग जागरूकता कारवां हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को उच्च शिक्षा के नए अवसरों, आधुनिक करियर विकल्पों तथा आज के इस अत्यधिक प्रतिस्पर्धी दौर में उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जाने वाली शिक्षा के महत्व के बारे में सीधे तौर पर मार्गदर्शन प्रदान करना है।
वहीं सीटीपीएल के सहायक निदेशक गुरकिरपाल सिंह ने इस अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य वर्तमान शिक्षा पद्धति और उद्योग की व्यावहारिक जरूरतों के बीच की दूरी को कम करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल आधारित आधुनिक शिक्षा, व्यावसायिक विकास तथा करियर-केंद्रित शैक्षणिक कार्यक्रमों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार बाजार की बदलती मांगों को समझने और अपने लिए एक बेहतरीन करियर विकल्प चुनने में सही समय पर सही सहायता मिल सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संदर्भ में अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि यह पहल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के साथ धरातल पर सार्थक संवाद के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को सशक्त बनाने की संस्थान की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 34 दिवसीय यह कारवां पूरे प्रदेश भर में हजारों विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों से सीधे जुड़कर उन्हें शिक्षा और करियर के बेहतर अवसरों से अवगत करवाता रहेगा।