नाहन : शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में पार्क की गई गाड़ियों से टायर चोरी होने के 4 अलग-अलग मामलों का नाहन पुलिस की विशेष जांच दल ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिमन्यु पुत्र स्व. अनिल कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी चिरावाड़ी मोहल्ला, नाहन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर मनीमाजरा (चंडीगढ़) की चार अलग-अलग दुकानों से चोरी किए गए सभी 16 टायर (रिम और अलॉय व्हील सहित) बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाहन शहर के विभिन्न इलाकों में खड़ी गाड़ियों के चारों टायर चोरी कर वाहनों को ईंटों व पत्थरों पर टिकाने की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं, जिन पर पुलिस ने 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।

चारों मामलों की गंभीरता को देखते हुए गठित SIT ने वैज्ञानिक जांच शुरू की। पुलिस ने जब ट्रैफिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपी की स्विफ्ट डिजायर कार चोरी वाले क्षेत्रों में संदिग्ध रूप से आती-जाती दिखाई दी। पूर्व में भी समान प्रकृति के एक मामले में आरोपी संदेह के दायरे में था और उसकी मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के पास पाई गई थी।
इसके बाद जब साइबर टीम ने आरोपी के बैंक खातों के लेन-देन की पड़ताल की, तो खुलासा हुआ कि प्रत्येक चोरी की घटना के ठीक अगले दिन उसके खाते में मनीमाजरा मोटर मार्केट की दुकानों से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर हुए थे। सीसीटीवी, लोकेशन और बैंक ट्रांजैक्शन के पुख्ता सबूत सामने रखकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चारों चोरियों का जुर्म स्वीकार कर लिया।
जांच के दौरान आरोपी अभिमन्यु के काम करने के सुनियोजित तरीके का खुलासा हुआ। आरोपी रात के अंधेरे में सुनसान जगहों पर खड़ी कारों के चारों टायर खोलकर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में लादता और सीधे चंडीगढ़ स्थित मनीमाजरा मोटर मार्केट पहुंच जाता था।
वहाँ वह दुकानदारों को झूठी कहानी सुनाता था कि “मेरी कार में लगे अलॉय व्हील आरसी के अनुरूप नहीं हैं, जिसके कारण पुलिस ₹10,000 का चालान काट सकती है।” इसके बाद वह सेकंड हैंड टायर लगवाने के बहाने चोरी के बढ़िया टायरों को अपनी गाड़ी में लगवा लेता था और अपनी कार के पुराने टायरों को दुकानदारों को बेच देता था। आरोपी ने चारों घटनाओं के टायरों को अलग-अलग दुकानों पर ₹8,000 से ₹11,500 में बेचा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चारों मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।