नाहन में शोक की लहर, रिटायर्ड शिक्षक व पूर्व पार्षद दलीप सिंह वर्मा नहीं रहे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: सिरमौर जिले के प्रमुख शहर नाहन की जानी-मानी शख्सियत, पूर्व पार्षद एवं रिटायर्ड शिक्षक दलीप सिंह वर्मा का शुक्रवार को देहांत हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और बीती रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नाहन के साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज शाम 5:00 बजे नाहन स्थित मोक्ष धाम में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से पूरे नाहन क्षेत्र में शोक छा गया।

दलीप सिंह वर्मा पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। गले में समस्या के चलते उनका बोलना बंद हो गया था, जबकि अंतिम दिनों में उन्हें पेट से जुड़ी तकलीफों का भी सामना करना पड़ा। इस पूरी अवधि में उनकी बहू और पोते ने दिन-रात समर्पित भाव से उनकी देखभाल की।

सरकारी सेवा (शिक्षा विभाग) से रिटायर होने के पश्चात उन्होंने अपना पूरा समय सामाजिक सरोकारों को अर्पित कर दिया। वे नागरिक सभा नाहन, अध्यापक संघ, पीटीआई एसोसिएशन, कोली समाज तथा अजीत को-ऑपरेटिव सोसायटी जैसी संस्थाओं से गहराई से जुड़े रहे। इनमें से कई संगठनों में उन्होंने महासचिव का दायित्व निभाते हुए समाज की सेवा की। इसके अलावा, उन्होंने वार्ड नंबर 1 से पार्षद के रूप में भी जनता का प्रतिनिधित्व किया।

अपने स्कूटर पर सवार होकर नाहन की सड़कों और गलियों में सामाजिक कार्यों के सिलसिले में सक्रिय नजर आने वाले वर्मा जी की एक अलग पहचान थी। उनके देहावसान पर पूर्व डीएफओ एवं साहित्यकार दीनदयाल वर्मा सहित क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।