नाहन : सिरमौर में आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने, चोरी की घटनाओं को रोकने और रात के समय किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का कड़ा ढांचा तैयार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष पैट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। यह पैट्रोलिंग टीमें जिले से गुजरने वाले सभी नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे के साथ-साथ संवेदनशील और आंतरिक इलाकों में देर रात मुस्तैदी से तैनात रहेंगी।
एसपी ने बताया कि रात के समय सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष पैट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए बाकायदा पुलिस जवानों की स्पेशल टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार गश्त पर रहेंगी। नेशनल और स्टेट हाईवे पर देर रात आवाजाही करने वाले संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहनता से जांच की जाएगी, ताकि रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर होने वाली चोरी, लूटपाट या अन्य आपराधिक वारदातों को होने से पहले ही रोका जा सके।

इस विशेष अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य सार्वजनिक व सुनसान जगहों पर होने वाले नशे के अड्डों को खत्म करना भी है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पैट्रोलिंग टीमें उन एकांत और संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से दबिश दे रही हैं, जहाँ अक्सर लोग गाड़ियो में बैठकर या झाड़ियों/खंडहरों में शराब पीते हैं या अन्य प्रकार का नशा करते हैं। पुलिस का मानना है कि ऐसे ही स्थानों पर नशे की हालत में अक्सर आपराधिक मानसिकता पनपती है और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए ऐसे ठिकानों पर पुलिस की सीधी रेड होगी।
पुलिस अधीक्षक ने जिलावासियों और वाहन चालकों से भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रात के समय अनावश्यक रूप से सुनसान जगहों पर जमावड़ा न लगाएं और यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए, तो तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को सूचित करें। सिरमौर पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी की है कि रात के समय हुड़दंग मचाने, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने और कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।