नाहन : वर्ल्ड शोतोकान कराटे फेडरेशन के तत्वावधान में माउंटेन मार्शल आर्ट्स डोजो नाहन में कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित इस परीक्षा में डोजो के दूसरे बैच से चुने गए 7 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें से 6 विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, अनुशासन और बेहतर तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 8th Kyu Yellow Belt हासिल की। 8th Kyu Yellow Belt प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अश्वत्थ शर्मा, आराधय शर्मा, श्रेसी शर्मा, जान्या मेहरा, माहित गर्ग और वर्दान शर्मा शामिल हैं।
यह बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट उत्तर भारत के मुख्य प्रशिक्षक शिहान इकबाल मलिक की देखरेख में संपन्न हुआ। परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की किहोन वाजा, काता, कुमिते (फाइटिंग) सहित विभिन्न कराटे तकनीकों और कौशलों की बारीकी से जांच की गई। इस अवसर पर जिला सिरमौर एवं MMAD नाहन के मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई प्रवीण कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

परीक्षण के उपरांत मुख्य प्रशिक्षक शिहान इकबाल मलिक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बेल्ट व प्रमाण-पत्र सौंपे और उन्हें निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। MMAD नाहन की ओर से सभी सफल खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इसके साथ ही शिहान इकबाल मलिक ने जानकारी दी कि 19 सितंबर को सोलन के चंबाघाट स्थित शेड्स लॉ कॉलेज में WSKF हिमाचल प्रदेश द्वारा एच.पी. स्टेट कराटे चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और अपनी कराटे प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।