नाहन : मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डिटेक्शन सेल नाहन की पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गाड़ी को रोककर 19.44 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 1000 रुपये नगद बरामद किए हैं। इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल नाहन की टीम जब क्षेत्र में गश्त पर थी, तो उसी दौरान चबाँहा के पास पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि ददाहू निवासी रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु काफी समय से आपस में मिलीभगत कर ददाहू तथा आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थ बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना के अनुसार, दोनों आरोपी गाड़ी संख्या HP 63C-2969 में कालाअंब की तरफ से नशे की बड़ी खेप लेकर ददाहू की ओर जा रहे थे।

गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए नाकेबंदी कर उक्त गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी की गहन तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 19.44 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 1000 रुपये की नगदी बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से नशीले पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी तफ़तीश जारी है।