सिरमौर में सड़कों की बदहाल स्थिति से जनता बेहाल, प्रशासन और सरकार बेखबर: राकेश गर्ग

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग ने जिले में सड़कों की खस्ताहाल स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। नाहन में मीडिया को जारी एक बयान में राकेश गर्ग ने कहा कि इस समय सिरमौर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सड़कें अत्यंत दयनीय स्थिति में हैं, जिससे आम जनता को आए दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राकेश गर्ग ने कहा कि लोक निर्माण विभाग इस गंभीर जनसमस्या को लेकर बिल्कुल भी संजीदा नहीं है। सड़कों की मरम्मत को लेकर हाल ही में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर रोष प्रकट किया था और शीघ्र सुधार की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

उन्होंने विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब और उत्तरी भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ महामाया माता बाला सुंदरी मंदिर (त्रिलोकपुर) को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाली पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जल्द ही त्रिलोकपुर में प्रसिद्ध नवरात्र मेले शुरू होने जा रहे हैं, जहाँ विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने समय रहते इस प्रमुख सड़क को दुरुस्त करने की ज़हमत नहीं उठाई।

राकेश गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि विभाग और प्रशासन ने जल्द ही इन सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया, तो भाजपा जनता के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।