पांवटा साहिब में अवैध शराब के दो अलग-अलग मामलों में महिलाओं के कब्जे से पकड़ी शराब

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला के तहत पुलिस टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो महिलाओं से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पहले मामले में पुरुवाला पुलिस की टीम जब गाँव नारीवाला में गश्त पर थी, तो संदेह के आधार पर एक महिला की तलाशी ली गई। इस दौरान महिला के कब्जे से 05 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ थाना पुरुवाला में एचपी एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गाँव ज्वालापुर में एक महिला अपने घर से अवैध शराब बेचने का धंधा करती है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ज्वालापुर में उक्त महिला के घर पर दबिश दी और तलाशी के दौरान 4 लीटर अवैध शराब बरामद की। इस संदर्भ में भी पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस दोनों ही मामलों में आगामी अन्वेषण (जांच) कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहाँ से लाई गई थी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।