पांवटा साहिब में बंद मकान से LCD और जेवरात उड़ाने वाले 2 शातिर दबोचे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब पुलिस की टीम ने न्यू केदारपुर में हुई चोरी की एक वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई एलसीडी (LCD) बरामद कर ली है, जबकि सोने के जेवरातों की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि न्यू केदारपुर निवासी शिकायतकर्ता रमेश कुमार ने 29 जुलाई की रात को उनके घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर सोने के कीमती जेवरात और एलसीडी (LCD) चुरा ली थी। इस पर पुलिस ने थाना पांवटा साहिब में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गहनता से तफ्तीश करते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर विशाल (पुत्र नेम चंद) निवासी कृपाल शिला को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी जरनैल उर्फ बंटी (निवासी देवीनगर) के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपी विशाल की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की गई एलसीडी (LCD) बरामद कर ली। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी जरनैल उर्फ बंटी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए सोने के जेवरात उन्होंने बेच दिए हैं।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब जेवरात खरीदने वाले और चोरी के इस सामान की बरामदगी के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई व तफ्तीश में जुटी हुई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।