मंडी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिले के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए करोड़ों की सौगातें दीं। उन्होंने यहाँ 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन और 2.29 करोड़ रुपये के टर्शियरी केयर कैंसर सेंटर, लीनेक एवं सीटी-सिम्यूलेटर मशीन का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही, उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पीईटी स्कैन मशीन ब्लॉक की आधारशिला भी रखी।

चिकित्सा महाविद्यालयों में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रसार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि आम जनता को बेहतर उपचार के लिए अपने घरों से दूर न भटकना पड़े और उन्हें नजदीकी स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में अत्याधुनिक ऑटोमेटेड लैब्स स्थापित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से एक ही सैंपल से कई प्रकार के टेस्ट संभव हो सकेंगे। इससे मरीजों को बार-बार सैंपल देने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आईजीएमसी शिमला में पीईटी स्कैन मशीन स्थापित की जा चुकी है, जहाँ प्रतीक्षा अवधि मात्र एक महीने है, जबकि एम्स दिल्ली में इसके लिए मरीजों को लगभग चार महीने तक इंतजार करना पड़ता है।
चिकित्सा शिक्षा और मानव संसाधन को बढ़ावा
चिकित्सा शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एमबीबीएस विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक स्वास्थ्य पद्धतियों का अनुभव दिलाने के लिए विदेश में ‘एक्सपोज़र विजिट’ पर भेजने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही, इस वर्ष प्रदेश में पीजी की 320 सीटें बढ़ाई जा रही हैं। टांडा मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर अब नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भी एसआरशिप शुरू कर दी गई है, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी।
स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुगम बनाते हुए उन्होंने बताया कि नेरचौक अस्पताल में वर्तमान में 123 नर्सों की तैनाती की जा चुकी है और आवश्यकतानुसार और नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा, गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आईसीयू की क्षमता का विस्तार करते हुए वहाँ 25 से 30 अतिरिक्त बेड स्थापित किए जाएंगे। सरकार ने तकनीकी और पैरामेडिकल स्टाफ के 800 नए पद भी स्वीकृत किए हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव व प्रकाश चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।