शिमला : हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने बीसीसीआई रणजी ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट 2026-27 के लिए हिमाचल प्रदेश की पुरुष सीनियर टीम की घोषणा कर दी गई है। एसोसिएशन ने राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ-साथ पेशेवर खिलाड़ियों को मिलाकर एक मजबूत टीम तैयार की है।
घोषित की गई टीम में हमीरपुर से शुभम अरोड़ा; कांगड़ा से आकाश वशिष्ठ, अर्पित गुलेरिया और इनेश महाजन; शिमला से जितेंद्र, मुकुल नेगी और वैभव काल्टा; सोलन से दिवेश; ऊना से अमनप्रीत सिंह, ऋतिक कालिया और नितिन शर्मा; तथा लाहौल-स्पीति से हर्षित संदल को शामिल किया गया है। वहीं, टीम में पेशेवर (प्रोफेशनल) खिलाड़ियों के रूप में आर्यमान धलियावाल, नेहाल वढेरा और पुखराज मान (कप्तान) को जगह दी गई है।

टीम के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के लिए एक अनुभवी सपोर्ट स्टाफ की नियुक्ति की गई है। विनीत सक्सेना को मुख्य कोच , गगनदीप सिंह को गेंदबाजी कोच और शकुन सैनी को क्षेत्ररक्षण कोच बनाया गया है। टीम फिजियो के रूप में सौरव ठाकुर और टीम मैनेजर के रूप में राजेश पुरी जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा जरनैल सिंह, राज किरीट कपाड़िया (वीडियो विश्लेषक), ब्रजेश शर्मा (मसाजर), और भूपेश्वर तथा पुनीत सैनी (साइड आर्म) को सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया गया है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट टीम का लीग मैचों का अभियान 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। टीम अपने इस टूर्नामेंट की शुरुआत चार दिवसीय मुकाबले में हरियाणा के खिलाफ लाहली में खेलकर करेगी, जो 11 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर 2026 तक हिमाचल की टीम अपने घरेलू मैदान बिलासपुर में मुंबई की मजबूत चुनौती का सामना करेगी। वहीं तीसरा लीग मुकाबला 26 से 29 अक्टूबर 2026 के बीच चंडीगढ़ में मेजबान चंडीगढ़ टीम के खिलाफ खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के अगले चरण में 2 से 5 नवंबर 2026 तक हिमाचल प्रदेश की भिड़ंत राजस्थान से धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगी। नए साल में 17 से 20 जनवरी 2027 के दौरान टीम का मुकाबला तमिलनाडु के खिलाफ तय किया गया है। इसके तुरंत बाद 24 से 27 जनवरी 2027 तक टीम धर्मशाला में उत्तराखंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। अंत में, हिमाचल प्रदेश अपना अंतिम लीग मुकाबला 1 से 4 फरवरी 2027 के बीच धर्मशाला के मैदान पर रेलवे की टीम के खिलाफ खेलेगा।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनुज शर्मा ने टीम की घोषणा करते हुए सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।