शिमला : हिमाचल प्रदेश में पैर पसार रहे सिंथेटिक ड्रग्स (नशे) के काले साये से अपने युवाओं को बचाने के लिए शिमला में एक बेहद अनूठे और भव्य खेल आंदोलन की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार, 23 मई 2026 की शाम माल रोड स्थित प्रतिष्ठित रोटरी क्लब में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान ‘शिमला क्रिकेट कार्निवल 2026’ का आधिकारिक शुभारंभ किया गया।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा जी ने दीप प्रज्वलित कर इस महा-अभियान का शंखनाद किया। ‘हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चर यूथ क्लब शिमला’ द्वारा आयोजित किए जा रहे इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य “नशा छोड़ो खेल खेलो” के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाना है।

राजधानी शिमला के खेल प्रेमियों के लिए यह आयोजन बेहद खास होने जा रहा है। शहर के इतिहास में पहली बार high-level प्रोफेशनल फ्लड लाइट्स की दुधिया रोशनी में देर रात तक क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। इस भव्य टूर्नामेंट के सभी मैच 1 से 13 जून 2026 तक पुलिस ग्राउंड, भराड़ी में आयोजित होंगे।
समारोह के दौरान साझा किए गए हालिया आंकड़ों ने सबको झकझोर कर रख दिया, जिसके मुताबिक हिमाचल प्रदेश के करीब 27% युवा वर्तमान में किसी न किसी रूप में नशीली दवाओं के सेवन के प्रति संवेदनशील हैं। मुख्य अतिथि विधायक हरीश जनारथा ने इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए सामाजिक एकजुटता और प्रशासनिक समर्थन का पूरा भरोसा दिया।
इस क्रिकेट कार्निवल के जरिए खेल को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा गया है। केंद्रीय आयोजन समिति ने संकल्प लिया है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान गेंदबाजों द्वारा फेंकी जाने वाली हर एक ‘डॉट बॉल’ (जिस गेंद पर कोई रन न बने) के बदले शिमला की वादियों में एक स्थानीय पौधा लगाया जाएगा। यह पर्यावरण के प्रति अपनी तरह की बेहद अनोखी और प्रशंसनीय पहल है।
यह आयोजन खेल के साथ-साथ भावनाओं से भी जुड़ा है। इस शिमला क्रिकेट कार्निवल को क्लब के सम्मानित और दिवंगत सदस्यों— संजीव ठाकुर, अविनाश नेगी, अमित ठाकुर और नीरज ठाकुर की याद में एक स्थायी श्रद्धांजलि के रूप में डिजाइन किया गया है।
हिमालयन स्पोर्ट्स एंड Culture यूथ क्लब के अध्यक्ष वीरेंद्र बांश्टू और मीडिया समन्वयक सुधांशु ठाकुर ने पूरे शहर, क्षेत्रीय कॉर्पोरेट घरानों और मीडिया जगत से इस नशामुक्त और हरित शिमला के निर्माण के आंदोलन में बढ़-चढ़कर साथ देने की अपील की है।