शिमला: शिमला शहर के सरकारी एवं निजी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बचत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूलों की सुरक्षा, संभावित खतरों की रोकथाम, नियमित सुरक्षा जांच और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। हालांकि, बैठक में कई स्कूलों के प्रधानाचार्यों के स्वयं उपस्थित न होने पर उपायुक्त ने गहरी चिंता जताई और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर विषय पर स्कूल प्रबंधनों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि हर स्कूल प्रबंधन को प्रतिदिन जिला पुलिस को यह प्रमाण पत्र देना होगा कि स्कूल परिसर की सुरक्षा जांच कर ली गई है और स्कूल पूरी तरह सुरक्षित है। स्कूल शुरू होने से पहले तथा बंद होने के बाद नियमित सुरक्षा जांच करना अनिवार्य किया गया है। भविष्य में सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की सूचना या अफवाह मिलने पर पुलिस यह जांच करेगी कि संबंधित स्कूल ने उस दिन का सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी किया था या नहीं। बैठक के दौरान जिला प्रशासन द्वारा तैयार स्कूल सुरक्षा एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के विभिन्न प्रावधानों पर भी चर्चा की गई, जिसे सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और आवासीय स्कूलों में प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा को लेकर प्रमुख निर्देश:
परिसर की सुरक्षा: स्कूलों में बाउंड्री वॉल/फेंसिंग, नियंत्रित प्रवेश-निकास द्वार, विजिटर रजिस्टर, सुरक्षा गार्ड और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
सत्यापन (Verification): स्कूल स्टाफ, सुरक्षा कर्मियों, बस ड्राइवरों, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों और अन्य बाहरी कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
ड्रोन और संदिग्ध गतिविधियां: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव जीत सिंह ने निर्देश दिए कि स्कूल परिसर के ऊपर कोई भी संदिग्ध ड्रोन उड़ता दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए और बिना जोखिम उठाए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत प्रशासन को दी जाए।
नोडल अधिकारी: स्कूलों में नियमित सुरक्षा निरीक्षण, मासिक सुरक्षा ऑडिट और सुरक्षा जिम्मेदारियों के लिए प्रत्येक स्कूल में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उपस्थित प्रमुख विद्यालय और अधिकारी:
इस बैठक के लिए लोरेटो कॉन्वेंट तारा हॉल, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी नवबहार, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट ढल्ली, सेंट एडवर्ड्स स्कूल, बिशप कॉटन स्कूल, ऑकलैंड हाउस स्कूल (बॉयज व गर्ल्स), डीएवी लक्कड़ बाजार व न्यू शिमला, शिमला पब्लिक स्कूल सहित कुल 28 सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों/प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव जीत सिंह और उप निदेशक उच्च शिक्षा लेखराज भारद्वाज सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।